कैथल ( सेजल) डॉ. भीमराव अंबेडकर राजकीय महाविद्यालय, कैथल के जनसंचार विभाग की ओर से राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार पंकज अरोड़ा ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत करते हुए विद्यार्थियों को पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, राजनीतिक रिपोर्टिंग की बारीकियों, मीडिया की नैतिकता और पत्रकारों की सामाजिक जिम्मेदारियों से रूबरू करवाया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पंकज अरोड़ा ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने और समाज को सही दिशा दिखाने का सशक्त दायित्व है। पत्रकारिता की विश्वसनीयता निष्पक्षता, तथ्यपरकता और नैतिक मूल्यों पर टिकी होती है। विशेषकर राजनीतिक रिपोर्टिंग में पत्रकार को किसी विचारधारा या दबाव से प्रभावित हुए बिना तथ्यों के आधार पर अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकार का काम सत्ता का गुणगान करना नहीं, बल्कि जनहित के सवाल उठाना और जवाबदेही सुनिश्चित करना है।
उन्होंने विद्यार्थियों को वर्तमान मीडिया परिदृश्य में तेजी से हो रहे बदलावों, डिजिटल मीडिया के प्रभाव तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में उभरती चुनौतियों और संभावनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि तकनीक और प्रतिस्पर्धा के इस दौर में पत्रकारों के लिए जरूरी है कि वे खबर की गति से अधिक उसकी सत्यता और विश्वसनीयता को महत्व दें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. राजेंद्र अरोड़ा ने कहा कि वर्तमान दौर में मीडिया की भूमिका पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। पत्रकारिता समाज को जागरूक करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए जिम्मेदार और संवेदनशील मीडिया कर्मी बनने का आह्वान किया।
जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. अभिषेक गोयल ने मुख्य वक्ता का स्वागत करते हुए कहा कि राष्ट्रीय प्रेस दिवस पत्रकारिता की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और उत्तरदायित्व के मूल्यों को याद करने तथा उनके प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। विभाग का प्रयास है कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक पत्रकारिता का अनुभव भी उपलब्ध करवाया जाए।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जनसंचार विभाग के साप्ताहिक समाचार पत्र के दसवें अंक का विमोचन रहा। इस पहल की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों द्वारा समाचार पत्र तैयार करना उनके भीतर लेखन, संपादन, समाचार संकलन और प्रस्तुतीकरण जैसी व्यावहारिक पत्रकारिता की दक्षताओं को विकसित करने की दिशा में सराहनीय कदम है।
कार्यक्रम के अंत में विभाग के प्राध्यापक डॉ. सुरेंद्र शर्मा ने मुख्य वक्ता एवं उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण और जनसंचार विभाग के विद्यार्थी उपस्थित रहे।


